Home » हिन्दी, Current, Poetry Corner » दो कवितायेँ – वरुण पासवान

दो कवितायेँ – वरुण पासवान

दो कवितायेँ

वरुण पासवान

 

 

 

 

पटना में गंगा

River abstract

पड़ी हुई है एक किनारे पर
होगी कोई नदी
कोई विस्तार पानी का
अपनी बैठक का कोई झोलदार कोना महज
जहाँ भटक के ना पहुंचा कोई मेहमान
ना ही टिका कोई मेज़बान

दूरियां पार करने को एक पुल है
उसके नीचे जो जलराशि है
वही गंगा कहती है

नदी भागी पटना से या पटना सरका दूर
पता नहीं
किसे फुरसत है कि
चुन चुन कर दोष मढ़े
निपटारा करे इस चौड़ाते वियोग का

घाट पर मुर्दे जलते हैं
देवियों का धसान होता है
केश खोल कुछ नासामझ, असावधान औरतें
डुबकियाँ लगाती हैं
हाँ, छठ पर एक अलग समां होता है, फिर भी तो
सब ऊपर ताकते हैं सूर्य को
नीचे घुटने का गीलापन मर्म तक पहुँच नहीं पाता
सबके सब अपनी भक्ति की गढ़ैया में डूबे रहे तो
गंगा किसे याद आती है

रह रह कर ताक लेता है पटना बायीं ओर
नदी याद आ जाती है
इसमें कोई दृष्टिकोण नहीं है
सिर्फ गंदे नालों का वास्तु है

पटना अब भूल चूका है
उन धाराओं को
जिन्होंने मरोड़ें झेल झेल, बड़ी बेचैनी से
इस शहर को बसाया

अब पटना बस चुका है, भली भांति संपन्न
फिर भी नदी बही जाती है, यही इसकी नियति होगी
जाने दो, जहाँ भी जाती है

इस से पहले कि …

सिर्फ सिहरन रही तुम
कोई शब्द नहीं बन पाया
स्फोट से पहले ही
ध्वनि को घसीट ले गया कोई कहीं
उच्चरित होने से पहले ही बिखराया,
सार्थक होने से पहले ही शब्द कूद गया आठवीं मंजिल से, नीचे
पत्थर पर छितराया

अब कभी शाम का आसमां जो तकता हूँ
लगता है शायद घुमड़ते बादल
अख्तियार कर लेंगे तुम्हारी आकृति
दूर से पहचान लूँगा तुम्हे इससे पहले कि
मेघों का चेहरा
फिर बदल जाये,
इस तरह आते रहेंगे क्षण अनवरत
कभी बर्फ बन आओगी कभी आभा
कभी मरीचिकाओं में तैरता वहम सतत

यही अपूर्णता की चाहना
कभी खुजलाहट सी, खेद सी, स्थाई खाज भी
बन कर रह जायेगी,
मर्म के चौड़े मैदान पर
दौड़ता एक साया कभी
जो वेग से धधकता रहे
जिसमे ना शोक हो, ना आह्लाद, ना ही शून्यता

एक बेचैन थरथराहट जो पिंजरे में बंद होकर
ना ही रुकती हो ना ही उड़ने को तैयार हो!

 

One Response

  1. Devendra singh says:

    Shahar se dur jati ganga aur uske karno ka jo ullekh aapne kiya hai vi nisndeh utni saraahniy hai Jitni aapki lekhan shaily…

Leave a Reply

© 2010 BiharDays    
   · RSS · ·
Powered By Indic IME